भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया फैसला
सूरतगढ़। नगरपालिका के वार्ड नंबर 28 से निर्दलीय उम्मीदवार इंदिरा भादू चुनाव मैदान में हैं। स्नातक स्तर तक शिक्षित इंदिरा भादू शहर के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय भादू की पत्नी हैं। पिछले करीब 27 वर्षों से वार्ड नंबर 28 में निवास कर रही इंदिरा भादू का वार्डवासियों से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में रहने के कारण वे वार्ड की समस्याओं और लोगों की जरूरतों को करीब से समझती हैं।
इंदिरा भादू सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी रही हैं। वे जाट क्लब के साथ-साथ मानव विकास सेवा समिति जैसे संस्थानों से जुड़कर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी निभाती रही हैं। इसी सामाजिक जुड़ाव और वार्डवासियों के बीच सक्रियता को वे चुनाव में अपनी ताकत मानती हैं। चुनाव प्रचार के दौरान वे लगातार वार्ड के लोगों से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन की अपील कर रही हैं।
वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का करेगी प्रयास
निर्दलीय प्रत्याशी इंदिरा भादू का कहना है कि यदि वार्डवासियों ने उन्हें पार्षद के रूप में सेवा का अवसर दिया तो सड़क, पानी, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास करेंगी। इसके साथ ही महिलाओं को सरकार की सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं को नगरपालिका स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में काम करने की बात भी वे कर रही हैं। उनका जोर वार्ड में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी है।
भ्रष्टाचार से दूर रहकर ईमानदारी से काम करूंगी : इंदिरा भादू, वार्ड में बढ़ते नशे पर जताई चिंता
पार्षदों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के सवाल पर इंदिरा भादू ने कहा कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ईश्वर पर विश्वास है और वे पूरी ईमानदारी के साथ वार्डवासियों की सेवा करने में विश्वास रखती हैं। इंदिरा भादू चुनाव प्रचार के दौरान नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर भी चिंता जता रही हैं। उनका कहना है कि शहर में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है और इसके खिलाफ सामाजिक स्तर पर जागरूकता एवं रोकथाम के प्रयास जरूरी हैं।
फिलहाल भादू वार्डवासियों के बीच अपने सामाजिक अनुभव व शिक्षा को आधार बनाकर वे समर्थन जुटाने में लगी हैं। चुनाव आयोग की तरफ से उन्हें चुनाव चिन्ह ‘बाल्टी’ आवंटित किया गया है। इंदिरा भादू ने वार्डवासियों से बाल्टी के निशान का बटन दबाकर उनके पक्ष में मतदान की अपील की है।
