सूरतगढ़। शहर में फिलहाल कांग्रेस की जिन सीटों पर जीत तय मानी जा रही है उनमें से एक है वार्ड नंबर-2। इस सीट पर त्रिमूर्ति मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद ज्याणी कांग्रेस की टिकट पर चुनाव मैदान में है। पिछले 6 सालों से बिना चुनावों के सर्वसम्मति से एसोसिशन के अध्यक्ष रहे ज्याणी को वार्ड में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। वार्ड से कांग्रेस की टिकट मांग रहे झंडा सिंह टिकट नहीं मिलने पर पहले ही अपना समर्थन ज्याणी दे चुके थे। इसके बाद निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हाजी मोहम्मद इकबाल (छनकू) ने भी विधायक डूंगरराम गैदर की समझाइश के बाद प्रमोद ज्याणी के समर्थन में पर्चा उठा लिया। जिसके बाद प्रमोद ज्याणी के पक्ष में एक तरफा माहौल बन गया है। हालांकि अभी भी वार्ड से कांग्रेस से बागी सिकंदर खान चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन वार्ड में जिस तरह सभी वर्गों का समर्थन प्रमोद ज्याणी को मिल रहा है उसको देखकर यही लगता है कि ज्याणी आसानी से यह सीट को निकाल लेंगे।
त्रिमूर्ति मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में ज्याणी पिछले कई वर्षों से सामाजिक और राजनैतिक क्षेत्र में सक्रियता के चलते अपनी एक बड़ी पहचान बना चुके हैं। जिसका फायदा उन्हें इस चुनाव में मिल रहा है। करीब 2500 मतदाता वाले इस वार्ड में प्रत्येक मतदाता उनके नाम और काम से परिचित है, वहीं उनके प्रतिद्वंदियों के सामने कम समय में अंतिम मतदाता तक अपना परिचय कराना एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। इसके अलावा परिसीमन के बाद बने नए वार्ड के जातीय समीकरण भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में नहीं है जिसका सीधा फायदा ज्याणी को मिल रहा है।
पट्टों के लिए चलाया था 40 दिन आंदोलन
पूर्व में वार्ड नंबर-3 रहे इस वार्ड के पट्टों के लिए ज्याणी ने कुछ माह पूर्व जबरदस्त आंदोलन किया था। पहले नगरपालिका कार्यालय और बाद में महाराणा प्रताप चौक पर करीब 40 दिनों तक ज्याणी के नेतृत्व में चले इस आंदोलन में वार्ड के बड़ी संख्या में लोग ज्याणी से जुड़े। हालांकि प्रशासन की हठधर्मिता के चलते आंदोलन सफल नहीं हो पाया। लेकिन आंदोलन ने ज्याणी को एक संघर्षशील युवा नेता के रूप में स्थापित कर दिया। जिसकी वजह से पार्टी को इस वार्ड से टिकट की मांग कर रहे दूसरे प्रत्याशियों पर ज्याणी को वरीयता देने के लिए मजबूर होना पड़ा। पट्टों के लिए चले इस आंदोलन का फायदा उन्हें चुनाव कैंपेन में भी मिल रहा है। वार्ड के लोगों को विश्वास है कि अगर वे ज्याणी को चुनते हैं तो पट्टों की समस्या का समाधान जरूर करेंगे..
विधायक गेदर ने किया चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, आरएसएस से जुड़े पूर्व नेताओं ने ज्याणी को दिया समर्थन





विधायक डूंगरराम गेदर ने गुरुवार शाम को ज्याणी के वार्ड नंबर-2 स्थित चुनाव कार्यालय का रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेंद्र भादू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बलराम वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम भाटिया, बनवारी लाल थोरी, अमित कड़वासरा और हाजी मोहम्मद इकबाल भी मौजूद रहे। कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर विधायक डूंगरराम गैदर ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद ज्याणी को वोट और सपोर्ट देने का आह्वान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सर्व समाज से जुड़े वार्ड के लोग मौजूद रहे।
कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पूर्व में आरएसएस और फिलहाल अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद से जुड़े दो बड़े चेहरों गुरदयाल सिंह भूई और श्याम लाल अरोड़ा ने कांग्रेस प्रत्याशी ज्याणी को समर्थन देते हुए कांग्रेस पार्टी जॉइन की। विधायक डूंगरराम गैदर ने दोनों का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। गेदर ने कहा कि दोनों नेताओं की एंट्री से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
– राजेंद्र पटावरी, पूर्व अध्यक्ष-प्रेस क्लब, सूरतगढ़।
