सूरतगढ़। शहर के वार्ड नंबर-28 में निर्दलीय प्रत्याशी भारत भूषण शर्मा के चुनाव कार्यालय का शनिवार शाम शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर वार्ड के प्रबुद्ध एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान भारत भूषण शर्मा ने वार्डवासियों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि मतदाताओं का एक-एक वोट बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करना चाहिए, जो जरूरत के समय स्वयं उनके घर तक पहुंचे, न कि लोगों को अपनी समस्या लेकर प्रतिनिधि को ढूंढना पड़े।
भारत भूषण शर्मा ने गिनाई पिछले कार्यकाल की उपलब्धियां
भारत भूषण शर्मा ने अपने पिछले कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वार्ड में हरसंभव विकास कार्य करवाने के प्रयास किए। सफाई, नालियां, बिजली, पानी और सड़कों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया गया। उन्होंने कहा कि जब भी वार्डवासियों ने किसी कार्य के लिए उन्हें याद किया, वे हमेशा उनकी मदद के लिए उपलब्ध रहे। शर्मा के अनुसार, उनके प्रयासों से वार्ड की दर्जनों महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की पेंशन शुरू करवाने में मदद मिली, जिससे उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहूलियत हुई।
शर्मा ने बताया कि उनके प्रयासों से वार्ड में पक्की सड़कों के निर्माण, नई पाइपलाइन बिछाने और उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाने व बीएसएनएल ऑफिस के पास नये पार्क के निर्माण जैसे कई कार्य हुए। इससे लोगों को लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से काफी हद तक राहत मिली।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार द्वारा चलाए गए ‘प्रशासन शहरों के संग’ अभियान के तहत भी बड़ी संख्या में पट्टे जारी करवाकर लोगों को उनको मालिकाना हक दिलाने का काम किया गया। कार्यालय शुभारंभ के दौरान मौजूद वार्डवासियों ने चुनाव को लेकर अपने विचार भी साझा किए।
टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय के रूप में ठोकी ताल
नगरपालिका के पिछले आम चुनाव में भारत भूषण शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में भारत भूषण ने भाजपा के श्रीकांत शर्मा को सौ से भी अधिक वोटो से हराकर जीत हासिल की थी। इस बार की बात करें तो एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी के रूप में श्रीकांत शर्मा उनके सामने है। लेकिन वर्तमान में कांग्रेस द्वारा टिकट काट देने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। फिलहाल कांग्रेस से सीट पर पूर्व लोकपाल अनिल धानुका मैदान में है। जिससे मुकाबले काफी रोचक हो गया है।
