सूरतगढ़। शहर के वार्ड नंबर-19 में निर्दलीय प्रत्याशी साहिर सिद्दीकी उर्फ़ राजू ने वार्ड के भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों की नींद उड़ा दी है। शुक्रवार को साहिर सिद्दीकी के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हुआ। वार्ड के ही प्रतिष्ठित जगदीश सिंह गिल, रामाशीष ठेकेदार, अमरीक सिंह, जयंती बैन और पूर्व ईओ लालचंद सांखला, अशोक भट्ट आदि ने रिबन काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। इस मौक़े पर साहिर सिद्दीकी ने वार्डवासियों से समर्थन मांगते हुए वोट देने की अपील की। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा आवंटित सिलाई मशीन के निशान पर बटन दबाने की बात कही।


साहिर ने मुकाबला बनाया रोचक, भारी समर्थन से दुश्मनों के उड़ी नींद
वार्ड-19 में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधे मुकाबले के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन साहिर सिद्दीकी के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने से चुनावी समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल इलेक्ट्रॉनिक व्यवसाय से जुड़े साहिर की पहचान क्षेत्र में मददगार व्यक्ति की है। बसंत विहार,आनंद विहार और संगम विहार कॉलोनी स्थित आसपास के एरिया में किसी भी तरह की समस्या हो साहिर तैयार मिलते हैं। खासकर विद्युत संबंधी कोई भी समस्या हो तो वार्ड वासी सबसे पहले साहिर को याद करते हैं।
समर्थकों के अनुसार, रात हो या दिन, जरूरत के समय राजू लोगों की सहायता के लिए तैयार रहते हैं। यही वजह है कि साहिर को इसी मददगार व्यक्ति की इमेज का फायदा मिल रहा है। सेंट्रल स्टेट फॉर्म कॉलोनी हो या फिर बसंत विहार, आनंद विहार और संगम विहार कॉलोनी हो या फिर ढाब क्षेत्र का एरिया साहिर के समर्थक हर जगह मौजूद है। फिलहाल राजू को मिल रहे भारी समर्थन ने दोनों ही प्रत्याशियों खासकर भाजपा प्रत्याशी की नींद उड़ा दी है।
यास्मीन सिद्दीकी के कार्यकाल में भी हुई कई महत्वपूर्ण कार्य
साहिर सिद्दीकी उर्फ राजू के बड़े भाई की पत्नी यानि उनकी भाभी भी 2019-24 के बीच पार्षद रह चुकी हैं। अपने 5 साल के कार्यकाल में यासमीन सिद्दीकी ने वार्ड में कई विकासकार्य करवाए जिनमे पुरानी गिन्नानी में मलबा और मिट्टी भर्ती कराकर गंदगी से छुटकारा दिलाना सबसे महत्वपूर्ण है। ढाब में भर्ती करवा कर दोनों तरफ रोड का निर्माण व रोड लाइट लगाने का कार्य भी इसी कार्यकाल में हुआ। इसके अलावा इस जगह पर विश्वकर्मा मंदिर का निर्माण भी जनसहयोग से साहिर के भाई रिंकू सिद्दीकी के प्रयासों से करवाया गया। यहीं नहीं बसंत विहार कॉलोनी में बने पुराने पार्क का जीर्णोद्धार कर धौलपुर पत्थर युक्त दीवार का निर्माण करवा कर भव्य रूप देने का कार्य यास्मीन सिद्दीकी के कार्यकाल में हुआ था।
