सूरतगढ़। मतदान की तारीख ज्यों ज्यों नजदीक आ रही है प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शहर की हॉट सीट कहीं जाने वाले वार्ड नंबर-27 में भाजपा प्रत्याशी सरोज देवी गोयल ने रविवार को विशाल रैली निकाल कर शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय से शुरू होकर यह रैली वार्ड की विभिन्न गलियों से निकाली गई। इस दौरान हाथों में झंडा और बैनर लिए सरोज देवी के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की ओर भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की। रैली में वार्ड के पूर्व पार्षद धर्मेंद्र सोलंकी, डॉक्टर लवली, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गोयल सहित भाजपा से जुड़े नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सरोज देवी के लिए वार्ड में लगातार बढ़ रहे समर्थन को देखते हुए यह मुकाबला दिलचस्प हो गया है। क्योंकि सरोज देवी को भाजपा की तरफ से अध्यक्ष पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है ऐसे में खुद भारतीय जनता पार्टी भी सरोज देवी के समर्थन में खुलकर मैदान में आ चुकी है। पार्टी के नेता वार्ड के मतदाताओं को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। जिसका फायदा सरोज देवी को मिलता दिख रहा है।
वार्डवासियों ने केलों से तोला, समर्थन देकर दिलाया जीत का भरोसा
भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित रैली के दौरान वार्डवासियों ने आवासन मंडल कॉलोनी के पार्क में सरोज देवी को केलों से तौला। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्ड के महिला पुरुष मौजूद रहे। वार्डवासियों ने सरोज देवी को समर्थन देने की घोषणा करते हुए जीत का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए सरोज देवी ने वार्डवासियों से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। सरोज देवी ने कहा कि अगर उन्हें वार्ड की सेवा का मौका मिला तो वे इस वार्ड को शहर का सबसे आदर्श वार्ड बनायेगी।
